बिजली विभाग के लिए क्यों सिरदर्द बने प्रयागराज मंडल में 4 जिलों के 2.54 लाख उपभोक्ता? खोजे नहीं मिल रहे

7.9kViews
1534 Shares

मंडल के करीब 2.54 लाख उपभोक्ताओं को बिजली विभाग खोज रहा है। यह ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक भी बार बिजली का बिल नहीं जमा किया है। इनको नेवर पैड सूची में शामिल कर लिया गया है। इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इसमें से अधिकांश उपभोक्ता बिजली विभाग के अधिकारियों को खोजे नहीं मिल रहे हैं।

बिजली विभाग के शीर्ष स्तर से सभी अधीक्षण, अधिशासी अभियंताओं के साथ ही उपखंड अधिकारियों को पिछले दिनों निर्देश दिया गया कि वह ऐसे उपभोक्ताओं की सूची बनाएं, जिन्होंने आठ वर्ष के भीतर कनेक्शन तो लिया, लेकिन बिजली के बिल का एक भी बार भुगतान नहीं किया।

इसके बाद मंडल के प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी और फतेहपुर जनपद के अधिकारियों ने ऐसे उपभोक्ताओं को खंगालना शुरू किया तो पता चला इनकी संख्या 2.54 लाख है। प्रयागराज में करीब 1.05 लाख, प्रतापगढ़ में 60 हजार, कौशांबी में 42 हजार और फतेहपुर में 43 हजार हैं। इन सभी को नेवर पैड सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

कहा गया कि इनका पता लगाकर बकाया बिजली का बिल का भुगतान कराया जाए। भुगतान न करने वालों की लाइन काट दी जाए। नोटिस के बाद आरसी जारी किया जाए। अधिकारियों ने इन उपभोक्ताओं की तलाश शुरू की तो करीब 30 प्रतिशत के बारे में अभी तक जानकारी ही नहीं मिल सकी है। इसके लिए पार्षद, प्रधान की मदद ली जा रही है।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता प्रथम राजेश कुमार का कहना है कि नेवर पैड सूची में शामिल उपभोक्ताओं से बकाए का भुगतान कराया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं का अभी पता नहीं चला है, उसके लिए टीमें लगी हैं। तय समय में सभी का पता लगा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *