बिहार: खेत में पराली जलाने से पहले पढ़ लें यह खबर, सैटेलाइट की रडार पर हैं आपके खेत; पकड़े गए तो नपेंगे किसान

5.6kViews
1478 Shares

 अब खेतों में धान एवं गन्ने के अवशेष को जलाने वाले किसान विभाग की नजर से नहीं बच सकेंगे। उन पर नजर सैटेलाइट के माध्यम से रखी जा रही है।

जिले में कहीं आग लगने की घटना होती है, तो सबसे पहले सैटेलाइट अलर्ट मिलता है। विभाग इसका स्थानीय स्तर पर सत्यापन कराता है। सत्यापन में यदि फसल जलाने की पुष्टी होती है, तो संबंधित किसान के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है।

अभी तक पश्चिम चंपारण जिले में एक दर्जन से अधिक किसानों को चिह्नित किया गया है। ऐसे किसानों को कृषि की योजनाओं से वंचित किया गया है।

जिला कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ऐसे किसानों को ब्लैकलिस्टेड करने की चेतावनी दी जा रही है। हालांकि, विभाग के कृषि कर्मियों के माध्यम से किसान पाठशाला, किसान गोष्ठी, किसान चैपाल, बैठकों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी दी जा रही है।

साथ ही, पराली जलाने की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। बावजूद इसके लिए कई किसान जानकारी के अभाव में पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

मिट्टी की उर्वरा शक्ति और स्वास्थ्य पर पड़ता है प्रतिकूल प्रभाव

जानकार बताते हैं कि पराली जलाने से खेतों की मिट्टी की उर्वरा शक्ति एवं गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ता है।

इसके कारण वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होता है, जो जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन को बढ़ावा देता है। पराली जलाने से निकलने वाला धुआं मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ जीव-जंतुओं के लिए भी हानिकारक है।

पराली प्रबंधन के यंत्रों पर 75 से 80 प्रतिशत तक अनुदान

जिले में लगभग 1.49 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है, जबकि खरीफ 2026 में लगभग 1.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की गई है।

किसानों को पराली प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों की खरीद पर 75 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

धान की पराली जलाने से इन तत्वों की होती है हानी

  • नाइट्रोजन – 13.75 किलोग्राम
  • फास्फोरस – 5.75 किलोग्राम
  • पोटाश – 55 किलोग्राम
  • सल्फर – 3 किलोग्राम
  • सबसे ज्यादा जैविक कार्बन -1000 किलाग्राम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *