अदाणी समूह ने उन आरोपों को खारिज किया है कि उसकी नवीकरणीय ऊर्जा इकाई अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने ताराली पंम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) की अनुमानित लागत घटाने की कोशिश की, ताकि वैधानिक दायित्व कम किए जा सकें।
समूह के प्रवक्ता ने कहा कि ऑनलाइन प्रपोजल सिर्फ स्थलीय जांच के उद्देश्य से दाखिल किया गया था, जबकि राज्य वन्यजीव बोर्ड (एसबीडब्ल्यूएल) ने परियोजना की कुल लागत 5,675 करोड़ रुपये मानी थी।
समूह ने एक मीडिया रिपोर्ट के जवाब में कहा, ‘चूंकि स्थलीय जांच की लागत परियोजना लागत का लगभग एक प्रतिशत होती है, इसलिए ऑनलाइन प्रपोजल में परियोजना की 56.75 करोड़ रुपये की राशि को स्पष्ट किया गया था, जो केवल स्थलीय जांच व सर्वेक्षण की लागत है।’
एक अंग्रेजी अखबार ने खबर दी थी कि अदाणी ग्रीन एनर्जी ने संशोधित हलफनामे के जरिये महाराष्ट्र में 1500 मेगावाट की ताराली पम्प्ड स्टोरेज परियोजना की घोषित लागत 5,675 करोड़ रुपये से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये कर दी।
इससे सह्याद्री टाइगर रिजर्व के लिए उसका अनिवार्य वन्यजीव संरक्षण अंशदान 227 करोड़ रुपये से घटकर करीब 2.27 करोड़ रुपये रह गया। इस कदम के बाद केंद्र ने जांच के आदेश दिए हैं।
समूह ने इस आरोप को खारिज किया कि लागत में कमी का मकसद संरक्षण से जुड़ा खर्च घटाना था। उसका कहना है कि परियोजना में कोई संरक्षित वन या वन्यजीव क्षेत्र शामिल नहीं है। ताराली पीएसपी पूरी तरह निजी, गैर-वन भूमि पर स्थित है और कोयना वन्यजीव अभयारण्य से 3.2 किलोमीटर दूर है।
परियोजना सह्याद्री टाइगर रिजर्व के अधिसूचित बफर जोन के बाहर है और बाघ गलियारे या किसी अधिसूचित ईको-सेंसटिव जोन को प्रभावित नहीं करती और न ही उसके आसपास स्थित है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

