मध्य प्रदेश में बड़ा खेला: भोपाल में एसबीआई के लॉकर से सोने के जेवर गायब, नहीं हुई एफआईआर

8.1kViews
1088 Shares

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फारेस्ट मैनेजमेंट (आईआईएफएम) परिसर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा के लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव की बेटियों के सोने के जेवर गायब हो गए।

गुरुवार को दुबई से भोपाल आई बेटी सुरभि के साथ श्रीवास्तव लॉकर में रखे गहने देखने पहुंचे थे। लॉकर खोलते समय चाबी अटक रही थी। काफी कोशिश के बाद लॉकर खुला तो अंदर रखे जेवर गायब मिले। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

शुरुआती जांच में लॉकर के हैंडल पर फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।

एपी श्रीवास्तव ने बताया कि 13 दिसंबर 2024 को अपनी बेटियों सुरभि और श्रुति के नाम पर एसबीआई का लॉकर संयुक्त रूप से अलॉट कराया था।

इसके लिए सालाना 2,380 रुपये किराया देते थे। सुरभि दुबई में रहती हैं, जबकि श्रुति बेंगलुरु में रहती हैं। श्रीवास्तव का दावा है कि लॉकर में रखे जेवरों की तस्वीरें भी उनके पास हैं।

लॉकर में ज्वाइंट खातेदार होने के कारण परिवार ने दूसरी बेटी श्रुति को भी बेंगलुरु से भोपाल बुलाया है। उससे भी पूछताछ की जा सकती है।

कमलानगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि गुरुवार को फोन पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। अब तक न तो लिखित शिकायत मिली है और न ही केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *