दिल्ली में प्रदूषण पर AAP-भाजपा आमने सामने, कुलतार संधवां बोले- किसानों को बदनाम करना बंद करे केंद्र सरकार

5.0kViews

 दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के लिए पंजाब में पराली जलाने को जिम्मेदार ठहराने संबंधी केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं के बयानों पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हर साल पंजाब और किसानों को निशाना बनाना और बदनाम करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा नेताओं को पंजाब के किसानों पर बेबुनियाद आरोप लगाने की बजाय तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए। स्पीकर संधवां ने यह बात गांव वाड़ा दराका में एक किसान के खेत का दौरा करने के दौरान कही।

राजधानी में प्रदूषण का कारण खुद दिल्ली

उन्होंने कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई कारण हैं। इनमें वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों के कारण उड़ने वाली धूल, बढ़ती आबादी और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला प्रदूषण प्रमुख हैं। ऐसे में दिल्ली के प्रदूषण के लिए केवल पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएं बहुत कम हुई हैं। कई स्थानों पर दूर-दूर तक पराली जलाने की आग दिखाई नहीं देती। इसके बावजूद हर साल पंजाब के किसानों को प्रदूषण के मुद्दे पर कटघरे में खड़ा करना समझ से परे है।

अन्न भंडार भरने वाले हैं किसान

संधवां ने कहा कि पंजाब के किसान देश का अन्न भंडार भरने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पंजाबियों ने देश की आजादी के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं और देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।

उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे पंजाब और पंजाब के किसानों को बदनाम करने से गुरेज करें। किसानों के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय प्रदूषण के सभी कारणों पर गंभीरता से ध्यान दें। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और देश के प्रति उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *