गढ़ गंगा मेले में क्या इस बार टूटेगा 50 साल का रिकॉर्ड? महाजाम से मुक्ति दिलाने का मास्टर प्लान तैयार

6.3kViews
1635 Shares

 गंगा मेले के दौरान ब्रजघाट में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर लगने वाले जाम का इतिहास करीब पांच दशक पुराना है। वर्ष 1962 में गंगा पर पुल बनने के बाद वर्ष 1975 में पहली बार वाहनों की लंबी कतारें ऐसी उलझीं कि दो दिन तक यातायात पटरी पर नहीं लौट सका था।

तब से गंगा स्नान के बड़े पर्वों पर हाईवे पर जाम की तस्वीर लगभग हर साल दोहराती रही है। हालात ऐसे बनते थे कि यात्री वाहनों के साथ मालवाहक वाहन भी आड़े-तिरछे फंस जाते थे। भारी वाहनों को एक सप्ताह तक रोकने से बाजारों की आपूर्ति प्रभावित होती थी और कारोबार की रफ्तार थम जाती थी। लेकिन इस बार तस्वीर बदलने की तैयारी है।

गंगा एक्सप्रेसवे के रूप में नया विकल्प मिलने के बाद पहली बार गंगा मेले में हाईवे को जाममुक्त रखने की रणनीति की परीक्षा होगी। प्रशासन के सामने चुनौती केवल वाहनों को सुचारू रूप से निकालने की नहीं, बल्कि शहरी और ग्रामीण दोनों मेलों की व्यवस्थाओं को भी यथावत बनाए रखने की है।

क्या टूटेगी 5 दशक पुरानी परंपरा या…?

अब देखना यह है कि पांच दशक से चली आ रही जाम की आफत देने वाली परंपरा इस बार टूटती है या फिर हाईवे पर वही पुराना मंजर नजर आता है।

दरअसल, ब्रजघाट में गंगा स्नान के दौरान दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के जिलों व राजस्थान, हरियाणा तथा दिल्ली आदि राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ते ही हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।

स्थिति बिगड़ने पर छोटे-बड़े वाहन आड़े-तिरछे फंस जाते हैं और देखते ही देखते कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग जाती है। हाईवे पर सफर करने वाले सामान्य यात्रियों को भी घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को निकालना तक चुनौती बन जाता है।

भारी वाहन रोके जाने से बाजारों की आपूर्ति भी होती है बाधित

जाम का असर केवल यातायात तक सीमित नहीं रहता। भारी वाहनों की आवाजाही रोकने से एक सप्ताह तक बाजारों की आपूर्ति प्रभावित होती है। औद्योगिक इकाइयों तक कच्चा माल पहुंचने और तैयार माल बाहर भेजने में परेशानी होती है।

व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। यानी गंगा स्नान की आस्था के बीच हापुड़ की अर्थव्यवस्था भी जाम में फंस जाती है।

इस बार बदलेगी व्यवस्था की तस्वीर

गंगा एक्सप्रेसवे शुरू होने से वाहनों को वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध हुआ है। प्रशासन की योजना है कि मेले में आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित रूट से एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाए, जिससे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अतिरिक्त दबाव न बने।

हाल ही में रूट डायवर्जन के दौरान हाईवे पर यातायात की रफ्तार बनी रहने से इस व्यवस्था को लेकर उम्मीद भी बढ़ी है। हालांकि, चुनौती केवल हाईवे को खाली रखने की नहीं है। ब्रजघाट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग, सुरक्षा और स्थानीय यातायात को भी व्यवस्थित रखना होगा।

अब प्रशासन की असली अग्निपरीक्षा गंगा मेले के दौरान होगी। सवाल यह है कि क्या गंगा एक्सप्रेसवे पांच दशक से चली आ रही जाम की परंपरा तोड़कर हापुड़ को राहत दिला पाएगा या फिर हाईवे पर इस बार भी वही पुराना मंजर दिखाई देगा।

अब हर जरूरत के समय गंगा एक्सप्रेसवे से निकाला जाएगा ट्रैफिक

गंगा स्नान पर्व हो या किसी अन्य मौके पर हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़े, प्रशासन अब गंगा एक्सप्रेसवे को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल कर सकेगा। रूट डायवर्जन के सफल प्रयोग के बाद उम्मीद जगी है कि जरूरत के मुताबिक भारी यातायात को एक्सप्रेसवे पर शिफ्ट कर हाईवे को जाम से बचाया जा सकता है। इससे ब्रजघाट समेत हापुड़ की सीमा में हाईवे पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी। हम उम्मीद करते हैं कि इस साल कार्तिंग गंगा स्नान के दौरान हाईवे पर सफर सुचारू रह सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *