स्वच्छता की रेस में जम्मू-कश्मीर का डबल धमाका, जम्मू को दूसरा स्थान; शोपियां ने भी मारी बाजी
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 के तहत पहली बार शुरू की गई क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में जम्मू शहर ने देश भर में दूसरा स्थान हासिल कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। वहीं, घाटी के सेब बहुल जिले शोपियां ने भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए इसी श्रेणी में देश भर में तीसरा स्थान अपने नाम किया है।
रुद्रपुर ने घर-घर से कचरा उठाने, स्रोत पर ही कचरा अलग करने और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन में सर्वाधिक अंक जुटाकर पहला पायदान हासिल किया जबकि, जम्मू दूसरे और शोपियां तीसरे पायदान पर रहे।
तवी नदी के तटीय इलाकों की सफाई ने बढ़ाई जम्मू की रैंकिंग
जम्मू शहर को यह उपलब्धि मुख्य रूप से तवी नदी के तटीय इलाकों की सफाई, पुराने डंपिंग स्थलों के वैज्ञानिक निस्तारण, जीपीएस आधारित कचरा वाहनों के संचालन और नागरिकों के सकारात्मक फीडबैक के आधार पर मिली है।
शोपियां की सफाई व्यवस्था बनी मिसाल
वहीं, शोपियां नगर पालिका ने सीमित संसाधनों के बावजूद घर-घर कचरा संग्रहण और प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारकर तीसरा स्थान झटका। केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर जम्मू-कश्मीर के इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि हिमालयी श्रेणी के शीर्ष तीन स्थानों में से दो अकेले जम्मू-कश्मीर के हिस्से आए।
इसके साथ ही यूटी स्तर के क्षेत्रीय मूल्यांकन में कश्मीर संभाग के बडगाम शहर को भी अपनी आबादी श्रेणी में स्वच्छता के लिए विशेष पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ।
क्या है यह नया सर्वेक्षण?
स्वच्छ सर्वेक्षण देश के शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन का वार्षिक राष्ट्रीय मूल्यांकन है। मैदानी इलाकों की तुलना में पर्वतीय और हिमालयी नगरों की भौगोलिक बनावट, संकरी ढलानें, भूस्खलन का जोखिम और पर्यटन का अत्यधिक दबाव जैसी चुनौतियां बेहद अलग होती हैं।
इन विशिष्ट भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने पहली बार यह विशेष हिमालयी श्रेणी शुरू की ताकि पर्वतीय शहरों के स्वच्छता प्रयासों का वैज्ञानिक और संतुलित मूल्यांकन हो सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

