पलामू में राजू तिर्की के काफिले पर पुलिस की कार्रवाई, यूपी से जारी दो लाइसेंसी हथियार जब्त

6.5kViews
1443 Shares

 पलामू में लाइसेंसी हथियारों के बल पर रौब दिखाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम पुलिस ने राजू तिर्की के काफिले को रोककर दो लाइसेंसी हथियार जब्त किए। दोनों हथियार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से जारी किए गए थे।

हैरानी की बात यह है कि इन हथियारों के पलामू में इस्तेमाल या आवाजाही की कोई सूचना न तो जिला प्रशासन को दी गई थी और न ही स्थानीय थाने को इसकी जानकारी थी।

जानकारी के अनुसार, राजू तिर्की का काफिला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा इलाके में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। काफिले में दो व्यक्ति बॉडीगार्ड के रूप में मौजूद थे। उनके पास लाइसेंसी हथियार थे। इसकी जानकारी मिलने पर पलामू पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और काफिले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान दोनों हथियारों के लाइसेंस उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से जारी होने की बात सामने आई। पुलिस वेरिफिकेशन में यह भी पता चला कि हथियारों के संबंध में पलामू जिला प्रशासन और पुलिस को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।

इसके बाद पुलिस राजू तिर्की को पूछताछ के लिए मेदिनीनगर टाउन थाना ले आई। पूछताछ के बाद उन्हें पीआर बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया। वहीं, दोनों हथियार जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब लाइसेंस की सत्यता और हथियारों से संबंधित अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

रौब दिखाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि लाइसेंसी हथियारों के बल पर रौब दिखाने वालों को चिन्हित कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। राजू तिर्की के काफिले से उत्तर प्रदेश के दो लाइसेंसी हथियार मिले हैं। इनकी पलामू में कोई एंट्री नहीं है और न ही जिला पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी।

दोनों हथियार जब्त कर लाइसेंस की सत्यता की जांच की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि शांति-व्यवस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *