ट्रेन की लेटलतीफी से नाराज यात्रियों ने बुधवार को कैंट स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। प्लेटफार्म नंबर चार पर गाड़ी संख्या 01037 एलटीटी-रक्सौल स्पेशल ट्रेन के पहुंचते ही यात्री ट्रेन से उतर गए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यात्रियों का आरोप था कि ट्रेन में पानी नहीं है और बोगियों में भारी गंदगी फैली हुई है।
यात्रियों ने बताया कि यह ट्रेन नौ नवंबर को शाम छह बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चली थी। 48 घंटे होने वाले हैं, फिर भी वे अपने घर नहीं पहुंचे हैं। पूरा किराया चुकाने के बावजूद उन्हें सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
यात्रियों का कहना था कि पहले प्रयागराज और अब कैंट स्टेशन के आउटर में इस ट्रेन को कई घंटे तक खड़ा कर दिया गया, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भूख-प्यास और शौचालय की समस्या से जूझना पड़ा।
हंगामे की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ जवानों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें वापस बोगियों में बैठाया। काफी समझाने के बाद यात्री शांत हुए। इसके बाद दोपहर 2.50 बजे ट्रेन को यहां से रवाना किया गया।
इसके पहले गाड़ी संख्या 04478 आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल के यात्रियों ने भी देरी को लेकर हंगामा किया था। उस ट्रेन के यात्रियों ने भी पानी और साफ-सफाई की समस्या को लेकर नाराजगी जताई थी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

