गोपालगंज के सासामुसा छठ घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, NH27 का एक लेन रहेगा बंद

1801 Shares

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुचायकोट प्रखंड के सासामुसा में दाहा नदी के किनारे स्थित छठ घाट पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई जाएगी। वहीं, 15 नवंबर की दोपहर बाद से 16 नवंबर की सुबह तक एनएच-27 की एक लेन पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

यह निर्देश डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने बुधवार को छठ घाट के निरीक्षण के दौरान दिया। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह, बीडीओ आदित्य प्रकाश समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने घाट की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी इंतजाम समय से पूरा कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि एनएच-27 के किनारे स्थित होने के कारण सासामुसा का छठ घाट संवेदनशील है। पूजा के दौरान घाट के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 15 नवंबर की दोपहर बाद से 16 नवंबर की सुबह तक एनएच-27 की उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली एक लेन पर यातायात बंद रखा जाएगा।

इससे श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में सुविधा होगी और सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी कम होगी। अधिकारियों ने सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *