प्रदेश में सरकारी नौकरियों में भर्ती और नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला और तेज होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26 जनवरी तक मिशन रोजगार के तहत एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अब हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त तक प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सितंबर से अब तक 16,500 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है। कहा कि अपनी तीसरी पारी शुरू करने से पहले विभिन्न विभागों में नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
राजस्व विभाग में 7994 लेखपालों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती के लिए सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने तथा हर नागरिक के प्रति संवेदनशील रहने की अपेक्षा की। राजस्व विभाग में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में जब उनकी सरकार बनी थी, तब विरासत में राजस्व के 34 लाख मुकदमे मिले थे।
जमीन से जुड़े विवादों के कारण आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब पुराने और नए मिलाकर 37 लाख 81 हजार 363 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। सेटेलाइट रोवर्स के माध्यम से जमीन की सटीक पैमाइश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों को भी शामिल किया गया है।
अब तक इस योजना के तहत एक लाख 40 हजार 195 किसान परिवारों को 5833 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा सरकार में हर जिले में वसूली करने वाले एजेंट घूमते थे, जबकि अब सरकारी नौकरियों में किसी तरह की सिफारिश या जुगाड़ नहीं चलता। उन्होंने राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा में सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी विधायक और पहली बार में मंत्री बन सकते हैं।
कार्यक्रम में 4300 किसान परिवारों के बैंक खातों में पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। इनमें से 10 परिवारों को मंच पर प्रतीकात्मक रूप से पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए गए। इसी तरह 10 युवाओं को मुख्यमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे।
पटाखों पर रोक नहीं लगाई, त्योहार आते ही प्रदूषण की चिंता क्यों?
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की चार सरकारों के दौरान प्रदेश में छोटे-बड़े मिलाकर 1500 दंगे हुए थे। कई-कई महीने तक कर्फ्यू लगा रहता था और लोग त्योहार भी नहीं मना पाते थे। इसके विपरीत पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में न तो कोई दंगा हुआ और न ही कर्फ्यू लगाने की जरूरत पड़ी।
इस बार दीपावली पर पटाखे जलाने पर कोई रोक नहीं लगाई गई। कुछ लोगों ने प्रदूषण बढ़ने की चिंता जताई। सवाल उठाया कि प्रदूषण की चिंता त्योहार आते ही क्यों होने लगती है? प्रदूषण है तो खत्म भी हो जाएगा। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अयोध्या में दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी में शामिल हुए थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

