गाजियाबाद: बारिश से टूटी ग्रामीण सड़कों की बदलेगी सूरत, PWD तैयार करेगा 51 मार्ग; खर्च होंगे 10.13 करोड़

5.6kViews
1811 Shares

 मुख्य संपर्क मार्गों से गांवों को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत की गई जाएगी। जिले के चारों ब्लाक की 51 सड़कों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए करीब 10.13 करोड़ रुपये की कार्य योजना तैयार की है।

वर्षा के बाद ग्रामीण इलाकों में कई सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं तो कहीं सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने इन समस्याओं को देखते हुए लोनी, भोजपुर, रजापुर और मुरादनगर ब्लाक की सड़कों को मरम्मत योजना में शामिल किया है।

कार्यों में मुख्य रूप से पेचवर्क और बड़े गड्ढों की मरम्मत कराई जाएगी। चिह्नित मार्गों में बन्थला-दिकौली मार्ग से घिटौरा, मोदीनगर-हापुड़ मार्ग से मछरी, निवाड़ी-सुहाना मार्ग से उजैड़ा, भोजपुर-पिलखुआ मार्ग से अमराला, मुरादनगर-रावली मार्ग से बंदीपुर और जावली से मंडोला मार्ग शामिल हैं।

मरम्मत पर अलग-अलग बजट निर्धारित

इन मार्गों की मरम्मत पर अलग-अलग बजट निर्धारित किया गया है। कुछ सड़कों पर छह से सात लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि कुछ कार्यों की लागत 30 लाख रुपये से अधिक है। सबसे अधिक 36.85 लाख रुपये कलछीना मार्ग की मरम्मत पर खर्च होने का अनुमान है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राम राजा ने बताया कि सभी 51 सड़कों की मरम्मत के लिए अलग-अलग लागत का आकलन किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *