पीसीएस-मेंस परिणाम को लेकर अभी तक विवाद थमा नहीं है। इस बीच पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (PPSC) ने साक्षात्कार के लिए चुने गए अभ्यर्थियों के लिए डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी का शेड्यूल जारी कर दिया है।
पीपीसीएस के मुताबिक, 11 नवंबर से 17 नवंबर तक चुने हुए अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट्स की जांच होगी। दस्तावेजों की जांच के बाद इंटरव्यू का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
अभ्यर्थियों ने किया धरना
वहीं, मंगलवार को पीसीएस परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पारदर्शितों की कमी के आरोपों को लेकर पंजाब लोक सेवा आयोग के कार्यालय के बाहर अभ्यर्थियों ने धरना दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।
अभ्यर्थियों की मांग है कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच हो और परीक्षा दोबारा से करवाई जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं का री-इवैल्यूएशन होना चाहिए। उनका कहना है कि पिछले 8-9 महीनों की प्रक्रिया में पारदर्शितों को लेकर उनका विश्वास प्रभावित हुआ है। ऐसे में परीक्षा का रद किया जाना चाहिए।
क्या है विवाद?
पंजाब पीसीएस विवाद तब सामने आया जब 4 नवंबर को पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) ने मेन्स परीक्षा परिणाम घोषित किए। इस बीच अभ्यर्थियों ने अनियमितताओं और धांधली के आरोप लगाए।
अभ्यर्थियों ने कथित तौर से आरोप लगाया कि एक ही परीक्षा केंद्र के एक कमरे से 10 से 11 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, और कई उम्मीदवारों के रोल नंबर बिल्कुल क्रमबद्ध (लगातार एक के बाद एक) हैं। यह भी आरोप है कि शॉर्टलिस्ट की गई लिस्ट में कुछ ऐसे उम्मीदवारों के अनक्रमांक भी हैं, जो मुख्य परीक्षा में शामिल ही नहीं हुए थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

