गया में दीपावली से पहले नौकरी देने का प्लान, 5 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला

9.9kViews
1999 Shares

जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अवर प्रादेशिक नियोजनालय की ओर से पांच नवंबर को एक दिवसीय जाब कैंप का आयोजन किया जाएगा।

इसमें निजी कंपनी केदार सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सुरक्षा गार्ड और सुरक्षा सुपरवाइजर के कुल 45 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है।

चयनित अभ्यर्थियों को 23,500 से 25,500 रुपए तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा आवास, ईपीएफ और ईएसआइसी की सुविधा भी मिलेगी।

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संयुक्त श्रम भवन स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया में सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक जाब कैंप चलेगा।

इसमें 21 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। कंपनी की ओर से निर्धारित शारीरिक योग्यता के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों की लंबाई कम से कम पांच फीट आठ इंच और वजन 60 किलोग्राम होना चाहिए। साथ ही आंखों की रोशनी अच्छी होनी चाहिए।

चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित जोयचंडी पहाड़ में की जाएगी। नियोजनालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जाब कैंप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल और बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचना होगा।

नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि जाब कैंप में भाग लेने और चयन प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, चयनित अभ्यर्थियों से योगदान के समय वर्दी, टार्च, टोपी, सीटी, लाइन यार्ड, बेल्ट और जूते आदि के लिए चार हजार रुपए शुल्क लिए जाने की जानकारी कंपनी की ओर से दी गई है।

सहायक निदेशक (नियोजन) ने योग्य युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *