नई दिल्ली। दूरदर्शन एक वक्त देशभर में मनोरंजन का प्रमुख साधन माना जाता था। डीडी नेशनल पर हर किस्म के टीवी शोज टेलीकास्ट किए जाते थे, जिनमें माइथोलॉजिकल, सुपरहीरो, ड्रामा-कॉमेडी और स्पाई थ्रिलर जैसे कई शोज शामिल थे।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि 38 साल पहले दूरदर्शन (Doordarshan) पर एक ऐसा धारावाहिक आया था, जिसको भारतीय सेना के एक रिटायर्ड फौजी ने बनाया था। उस शो ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी किया था। इतना ही नहीं सिनेमा जगत के एक बड़े फिल्मी कलाकार ने इस टीवी सीरियल से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इस लेख में टीवी चैनल दूरदर्शन के जिस लोकप्रिय धारावाहिक के बारे में जिक्र किया जा रहा है, उसका निर्देशन इंडियन आर्मी के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल राज कुमार कपूर ने किया था। राज कुमार ने अपनी सर्विस लाइफ और एक फौजी की जीवनशैली कैसी होती है, उसको टीवी सीरियल के जरिए पेश किया था। दरअसल यहां बात धारावाहिक फौजी (Fauji) के बारे में की जा रही है।
साल 1988 में फौजी को दूरदर्शन पर प्रसारित किया गया था और इसमें सुपरस्टार शाह रुख खान (Shah Rukh Khan) ने लेफ्टिनेंट अभिमन्यु राय का अहम किरदार निभाया था। फौजी टीवी सीरियल के जरिए किंग खान ने एक्टिंग की दुनिया में डेब्यू किया था और इंडियन आर्मी के ऑफिसर की भूमिका में शाह रुख को काफी पसंद किया।
इतना ही नहीं उनका डेब्यू टीवी शो फौजी भी अपने समय में काफी लोकप्रिय रहा था। माना जाता है कि इसी धारावाहिक के चलते शाह रुख लाइमलाइट में आए और यहीं से छोटे पर्दे से निकलर बड़े पर्दे तक अपनी पहचान बनाने का उनका सफर पूरा हुआ।
टीवी सीरियल फौजी 13 एपिसोड तक चला था। इसके बावजूद इसे दूरदर्शन के कल्ट क्लासिक टीवी शोज की फेहरिस्त में शामिल किया जाता है, जो इसकी लोकप्रियता के बारे में बताने के लिए काफी है।
अगर आप भी शाह रुख खान का डेब्यू टीवी शो फौजी देखना चाहते हैं तो ये शो आपको ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखने को मिल जाएगा। बता दें कि फौजी के बाद किंग खान टीवी शो सर्कस में भी अहम किरदार निभाते हुए नजर आए थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

