जागरण संवाददाता, अमरोहा। आगामी दिनों में आने वाले दीपावली व छठ के पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज बसों में यात्रियों को बेहतर सफर कराने की तैयारी की है। त्योहारों पर आने वाले लोगों को बसों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक ओर जहां दिल्ली के लिए 20 बसों का संचालन किया जाएगा।
वहीं, दूसरी ओर लोकल रूटों पर बसों के फेरों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। निगम ने चालक व परिचालकों की छुट्टियां रद कर दी हैं और उनके लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। छह नवंबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक रूट पर बसों का संचालन होगा।
अमरोहा डिपो से दीपावली व छठ पर्व के लिए 100 बसों का संचालन होगा। इनमें 20 बसें अनुबंधित और 80 बसें निगम की होंगी। अभी दिल्ली रूट पर 12 बस संचालित हैं लेकिन, त्योहारों को देखते हुए छह नवंबर से आठ बसें और बढ़ाई जाएंगी।
लाेकल रूट पर दौड़ने वाली बसों के फेरों को बढ़ाए जाएंगे। चालक व परिचालकों को प्रोत्साहन योजना के तहत रोजाना 400 रुपये मिलेंगे। इसका लाभ आउटसोर्सिंग, संविदा सहित पात्र सभी चालक व परिचालकों को भी मिलेगा।
11 दिन निर्धारित मानक पूरा करने वाले कर्मियों को एक मुश्त 4,400 रुये दिए जाएंगे। 12 दिन ड्यूटी करने और तय किलोमीटर का लक्ष्य पूरा करने पर 4,800 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
कार्यशाला में काम करने वाले कर्मचारियों को 12 दिन की ड्यूटी करने पर एक मुश्त 2,500 रुपये और 11 दिन के 2,100 रुपये दिए जाएंगे। क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10 हजार रुपये और सेवा प्रबंधकों को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

