‘ज्ञानेश कुमार को हटना होगा, फिर पीएम मोदी और शाह पर होगी कानूनी कार्रवाई’, रामलीला मैदान में गरजे राहुल गांधी

1199 Shares

दिल्ली के रामलीला मैदान में आईएनडीआईए गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महा-रैली के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि देश की संस्थाओं पर आरएसएस और बीजेपी का कब्जा हो चुका है और संविधान को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

‘13.5 करोड़ मतदाता हटाए गए, यह जन अभिव्यक्ति की चोरी है’
राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) और चुनावी गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद से देश भर में 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में बीजेपी और उनके गठबंधन के बीच केवल 3 प्रतिशत वोटों का अंतर था। राहुल ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ वोट की चोरी नहीं, बल्कि सीधे तौर पर देश की जनता की जन अभिव्यक्ति की चोरी है।

फिर पीएम और शाह पर होगी कार्रवाई’

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पद से हटना होगा और जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि ज्ञानेश कुमार के हटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इनमें से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और भागने का मौका नहीं मिलेगा।

अम्बानी-अडानी का कर्ज माफ, आम नागरिक बेहाल’

आर्थिक असमानता और उद्योगपतियों पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में आम आदमी का कर्ज माफ नहीं होता, जबकि उद्योगपति अंबानी और अडानी के करोड़ों रुपये के कर्ज आसानी से माफ कर दिए जाते हैं। देश की सरकारी संपत्तियों पर भी चुनिंदा लोगों का कब्जा हो रहा है।

हम मोहब्बत की दुकान वाले, पर संविधान नष्ट नहीं होने देंगे’

अपने संबोधन के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी से व्यक्तिगत नफरत की नहीं है, वे ‘मोहब्बत की दुकान’ चलाने वाले लोग हैं। लेकिन देश के हर नागरिक की आवाज उनके लिए अहम है। उन्होंने संकल्प लिया कि लाइन में खड़े आखिरी व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा की जाएगी और किसी भी कीमत पर संविधान को नष्ट नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *