यूपी के चुनाव मैदान में शराबबंदी और ‘बिहार माडल’ की वाराणसी में गूंज, जदयू की बड़ी दावेदारी

7.9kViews
1824 Shares

 उत्तर प्रदेश के आगामी सियासी दंगल में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने एक बड़ा दांव खेल दिया है। बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी पूर्ण शराबबंदी लागू करने और ‘बिहार के सुशासन माडल’ को घर-घर पहुंचाने के संकल्प के साथ जदयू सीधे चुनावी मैदान में उतर आई है।

जदयू ने इसके लिए रविवार को कोरौता में उत्तर प्रदेश सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने शराबबंदी पर महिलाओं का हाथ उठवा कर समर्थन जुटाया। कहा महिला सुरक्षा जैसे मुद्दे यूपी की राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इसे हथियार बनाकर अब जदयू राज्य के मतदाताओं, विशेषकर महिला वोट बैंक को साधने की हुंकार भरी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा कि जो विकास बिहार में 2005 के बाद से नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्ष के कार्यकाल में किया है उसे इस सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश में बूथ बूथ तक ले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हम एनडीए घटक दल के रूप में चुनाव में उतरेंगे। नीतीश कुमार के सुशासन की कार्यप्रणाली का विस्तार से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे पिता ने यह सिखाया है क‍ि राजनीति पद और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं है बल्कि जन सेवा का कार्य है। हम आप सभी को विश्वास दिलाते हैं कि हम उसी रास्ते पर चलते हुए विकास की राजनीति को आगे ले जाएंगे।

कार्यक्रम में मौजूद जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में रोटी बेटी का रिश्ता है। उत्तर प्रदेश में हम पूरी तैयारी के साथ खाका तैयार किए हैं। आज निशांत के साथ आए हैं। आप भी आज से ही तैयारी शुरू कर दे पार्टी पूरी ताकत और निष्ठा के साथ चुनाव लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *