फरीदाबाद में बीजेपी की पदयात्रा में फंसी एंबुलेंस, 15 मिनट का रास्ता तय करने में लगे 90 मिनट; तड़पता रहा मरीज

5.2kViews
1130 Shares

भाजपा की पदयात्रा के चलते रविवार को मरीजों को नागरिक अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की ओर से जगह-जगह रास्ते बंद किए गए थे। कई जगह एंबुलेंस तक को नहीं निकलने दिया गया तो रास्ते बदल कर मरीजों को नागरिक अस्पताल पहुंचा गया। ऐसे में 15 मिनट का सफर डेढ़ घंटे में तय हुआ।

रास्ता तलाशती रही एंबुलेंस
बल्लभगढ़ से एंबुलेंस से आने वाले मरीजों को नीलम चौक से सीधा नागरिक अस्पताल पहुंचने में दिक्कत हुई। एंबुलेंस नीलम चौक से रेलवे रोड की तरफ मुड़ कर नागरिक अस्पताल पहुंची। वहीं एनआइटी के गाजीपुर से नागरिक अस्पताल पहुंचने वाले भी परेशान रहे। गाजीपुर से एंबुलेंस पहले नंगला चौक पहुंची। वहां से तीन नंबर ईएसआई चौक पहुंचे तो वहां से नागरिक अस्पताल का रास्ता बंद था।

मरीज को एम्स रेफर कर दिया गया

एंबुलेंस ड्राइवर को चिमनी बाई धर्मशाला चौक की तरफ मुड़ना पड़ा। फिर नागरिक अस्पताल आए। सांस की तकलीफ से परेशान गाजीपुर निवासी शमशाद को स्वजन नागरिक अस्पताल लेकर आए थे। डाॅक्टर ने स्थिति देख कर मरीज को देख कर थोड़ी देर बाद ही रेफर कर दिया। शमशाद के बेटे समद खान ने बताया कि अगर रास्ते बंद नहीं होते तो 15 मिनट का सफर तय करने में डेढ़ घंटा नहीं लगता। नागरिक अस्पताल आए तो उनके पिता को एम्स रेफर कर दिया गया।

15 मिनट की बजाय पौने घंटे लगे

एक अन्य मामले में भीकम कालोनी, बल्लभगढ़ निवासी वेद प्रकाश अपनी बहन शशि को स्ट्रोक होने पर नागरिक अस्पताल लाए थे। उनकी एंबुलेंस भी 15 मिनट की बजाय पौने घंटे में नागरिक अस्पताल पहुंची। यहां से शशि को एम्स रेफर कर दिया गया। रेफर के झंझट ने मरीजों का दर्द बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *