डंकी रूट से अमेरिका भेजने का मामला, गिरफ्तार ट्रेवल एजेंट को जालंधर की अदालत ने भेजा न्यायिक हिरासत में

1300 Shares

अवैध तरीके से डंकी रूट के जरिए लोगों को अमेरिका भेजने के बहुचर्चित मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिल्ली से गिरफ्तार किए गए ट्रेवल एजेंट तरुण खोसला को जालंधर की अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी का 7 दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद ईडी ने उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया। जिला एवं सेशन जज प्रिया सूद की अदालत में इस मामले की अहम सुनवाई हुई।

अदालत में सुनवाई के दौरान ED की तरफ से एडवोकेट अजय पठानिया पैरवी के लिए पेश हुए। इस दौरान जांच एजेंसी (ED) की ओर से आरोपी का रिमांड आगे बढ़ाने की कोई मांग नहीं की गई। एडवोकेट अजय पठानिया ने अदालत को अवगत कराया कि तरुण खोसला से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं और एजेंसी को जो भी जरूरी जानकारियां और तथ्य चाहिए थे, वे शुरुआती रिमांड के दौरान ही मिल चुके हैं।

सात दिन की पूछताछ में खुले कई राज

गौरतलब है कि डंकी रूट के जरिए भोले-भाले युवाओं को गैरकानूनी तरीके से विदेश भेजने के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है। ट्रेवल एजेंट तरुण खोसला की गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने उससे पिछले सात दिनों के दौरान गहन पूछताछ की।

इस दौरान अवैध अप्रवासन और हवाला कारोबार से जुड़े कई बड़े सुराग हाथ लगने की बात सामने आ रही है। फिलहाल अदालत के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, और इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *