भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के थिंक टैंक माने जाने वाले अमित शाह की देखरेख में अपने अभियान को धार देने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी कवायद तेज कर दी है।
अमित शाह ने कहा कि यूपी में 30 वर्ष तक BJP की सरकार रहेगी। राहुल गांधी अगले 30 साल चुनाव नहीं जीतेंगे। शाह ने उत्तर प्रदेश से राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अंगद का पांव है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बना दो, लागू करेंगे यूसीसी
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिग्गजों की मौजूदगी में भाजपा उत्तर प्रदेश की टीम में जोश भरा और कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बना दो यहां भी यूसीसी लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड (Uniform Civil Code) लागू किया गया है। अगला नंबर उत्तर प्रदेश का है। उन्होंने कहा कि आप उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएं और हम यहां यूसीसी लागू करेंगे।
राहुल और अखिलेश को खुली चुनौती
वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने राहुल और अखिलेश को खुली चुनौती दी। अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी और अखिलेश यादव को चुनौती देता हूं कि आइए संसद में वोट चोरी पर चर्चा करते हैं। विशेष सत्र का आयोजन करते हैं। हम जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन ये लोग संसद में चर्चा नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई
उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहता हूं कि इनके नेतृत्व में सरकार ने कठोर शासन देकर यूपी को माफिया से मुक्त किया। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो भाजपा अंगद का पैर है। उसे यहां से हिला कोई नहीं सकता है।
अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो
अमित शाह ने भाजपा उत्तर प्रदेश की टीम से कहा कि आप कमर कस लो। अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो,हमें सरकार बनानी है। शाह ने कहा कि 2014 में तो हमारे केवल 44 विधायक थे। उस समय तो बहुत निराशा थी,मैं तहसील तक गया। एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ लोकसभा की 73 सीट जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश यादव को रात भर नींद नहीं आई थी और हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

