सर्दियों की आहट: दिल्ली-यूपी में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी; 28 राज्यों में चेतावनी

8.6kViews
1398 Shares

 भारतीय मौसम विभाग ने आज के लिए देशभर में मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 28 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। सर्दियों की आहट महसूस होने लगी है।

हिमाचल में पड़े ओले
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार से ही रातभर बारिश हुई और ओलावृष्टि हुई है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।

उत्तराखंड समेत इन राज्यों में 7 से 12 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में आज छाए रहेंगे बादल

दिल्ली-एनसीआर में 7 अक्टूबर को आसमान में कुछ बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। दिन में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर बदलेगी और गति 15 से 25 किमी प्रति घंटे के बीच रहेगी।

बिहार में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा, झोंकों में 60 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट है।

पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान व बिजली गिरने की संभावना है। दक्षिण और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश और गरज-चमक का अनुमान है।

किन्नौर में जोरदार ओलावृष्टि, फसलों-सब्जियों को भारी नुकसान

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार को चौरा और तरंडा पंचायत इलाके में जोरदार ओलावृष्टि हुई। इस कारण स्थानीय किसानों की फसलों और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें और सब्जियां बुरी तरह प्रभावित हुईं।

किसानों ने बताया कि ओलों की मार से सब्जियों के पौधे क्षतिग्रस्त हो गए और फसलों की पैदावार पर असर पड़ने की आशंका है। क्षेत्र में मौसम अचानक बदलने से नुकसान और बढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *