राजस्थान: उदयपुर में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद हिंसा, मतगणना केंद्र पर पथराव और आगजनी; वाहनों में तोड़फोड़

9.9kViews
1683 Shares

राजस्थान के उदयपुर जिले में ग्राम पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। खेरवाड़ा क्षेत्र की नवाघरा ग्राम पंचायत में चुनावी नतीजे सामने आने के बाद जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान मतगणना केंद्र पर पथराव किया गया, परिसर में आगजनी हुई और वहां खड़े कई वाहनों को भी निशाना बनाया गया।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे नवाघरा ग्राम पंचायत से पुष्पा देवी को विजयी घोषित किया गया। इसके बाद जब विजयी प्रत्याशी को मतगणना केंद्र से उनके घर ले जाया जा रहा था, तभी कथित तौर पर पराजित प्रत्याशी के समर्थक आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और भीड़ ने मतगणना स्थल पर पथराव शुरू कर दिया।

इस दौरान परिसर में मौजूद संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बावलवाड़ा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की मदद ली गई।

पुलिस और दमकल कर्मियों की तत्परता से हालात पर काबू पाया गया। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।

गौरतलब है कि राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत 3,716 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान कराया गया था। गुरुवार देर रात नतीजे घोषित होने के बाद प्रदेश के कुछ अन्य इलाकों से भी मतगणना में गड़बड़ी के आरोप और हंगामे की खबरें सामने आई हैं।

उदयपुर की इस घटना ने चुनाव परिणामों के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *