कोडरमा की धरती से निकला क्रिकेट का नया सितारा, विकास यादव का झारखंड अंडर-23 टीम में चयन

1270 Shares

लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। यह पंक्तियां कोडरमा के युवा क्रिकेटर विकास यादव पर बिल्कुल सटीक बैठती हैं। लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर विकास ने आखिरकार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और झारखंड स्टेट अंडर-23 क्रिकेट टीम में जगह बना ली। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तरीय टीम तक का उनका सफर मेहनत और लगन की मिसाल है।

कोडरमा के युवा क्रिकेटर विकास यादव का चयन झारखंड स्टेट अंडर-23 क्रिकेट टीम में हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले विकास ने अपनी प्रतिभा और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। विकास यादव कोडरमा के प्रतिष्ठित दि तिलैयंस क्लब के खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।

उनके प्रदर्शन को देखते हुए झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने उन्हें चयन कैंप में शामिल किया। कैंप में भी विकास ने प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका अंतिम रूप से झारखंड अंडर-23 टीम के लिए चयन किया गया।

विकास के चयन पर कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (केडीसीए) के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 1विकास आने वाले समय में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

साथ ही, कोडरमा से और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य टीम में स्थान बनाने में सफल होंगे। विकास के चयन पर केडीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, सचिव दिनेश सिंह सहित विभिन्न क्लबों के खिलाड़ियों और जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *