राहुल-प्रियंका कई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज, आकाशवाणी कार्यालय में जबरन प्रवेश का आरोप

1452 Shares

 चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना अनुमति के दाखिल होने और वहां धरना देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्षी दलों के गठबंधन के कई अन्य सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

बिना अनुमति मार्च और पुलिस बैरिकेड्स तोड़ना
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन सदन (चुनाव आयोग मुख्यालय) तक विरोध मार्च निकालने की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि इस प्रस्तावित प्रदर्शन और मार्च के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और न ही अनुमति दी गई थी। जब प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय के पास बैरिकेड्स लगाकर रोका गया, तो कई नेता और सांसद वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए थे।

आकाशवाणी भवन परिसर में जबरदस्ती प्रवेश

पुलिस का आरोप है कि रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अन्य विपक्षी सांसदों और सुरक्षाकर्मियों के साथ संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना किसी पूर्व अनुमति के घुस गए। आकाशवाणी भवन के अंदर दाखिल होकर नेताओं ने परिसर के भीतर ही धरना शुरू कर दिया। यह धरना लगभग आठ घंटे से अधिक समय तक चला।

लगभग 8 घंटे तक चला धरना, देर रात मिली रिहाई

आकाशवाणी भवन के अंदर चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दिल्ली पुलिस ने परिसर को खाली कराने के लिए कार्रवाई की और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद नेताओं को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया गया। देर रात 10 बजे के बाद पुलिस ने सभी नेताओं को रिहा कर दिया।

पुलिस की दलील और मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस का कहना है कि एक संवेदनशील और प्रतिबंधित सरकारी इमारत के परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करना और प्रदर्शन करना नियमों का उल्लंघन है। इसी के तहत कानून व्यवस्था के उल्लंघन और अनधिकृत प्रवेश के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

(पीटीआई एवं एएनआई के इनपुट के साथ)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *