‘स्पीकर साहब, नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें’, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में फिर भारी हंगामा

1820 Shares

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को एक बार फिर भारी हंगामा देखने को मिला। विशेष दर्जे और राज्य का दर्जा बहाल करने से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा को लेकर भाजपा और सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों के बीच तीखी बहस हुई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रस्ताव पर सदन में चर्चा हो रही है, उसे लेकर संवैधानिक आपत्तियां पहले ही सामने रखी जा चुकी थीं। इसी आधार पर उन्होंने स्पीकर से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।

इसके बाद सदन में जोरदार नारेबाजी और शोर-शराबा शुरू हो गया। भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों के बीच तीखी बहस हुई और स्पीकर को कई बार हस्तक्षेप कर सदन को शांत कराने की कोशिश करनी पड़ी।

इससे पहले सोमवार को भी भाजपा विधायकों ने स्पीकर अब्दुल रहीम राथर को पद से हटाने के लिए नोटिस दिया था। उस दौरान भाजपा विधायकों ने वेल में प्रदर्शन करते हुए स्पीकर के इस्तीफे की मांग की थी।

वहीं, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने सरकार का पक्ष रखते हुए भाजपा पर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सदन में प्रस्ताव पर चर्चा होना जरूरी है और भाजपा को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए।

फिलहाल विधानसभा में प्रस्ताव को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव जारी है। स्पीकर के खिलाफ दिए गए नोटिस पर आगे की प्रक्रिया विधानसभा के नियमों के अनुसार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *