वाराणसी के प्रमुख मंदिरों-घाटों को रोशन करने का तीन बार टेंडर रद, अब चौथी बार तलाश ‘काम करने वाले’ की
काशी के प्रमुख मंदिरों और घाटों को रोशन करने की योजना को ठेकेदारों का इंतजार है। तीन बार निविदा आमंत्रित करने के बाद भी प्रतिस्पर्धात्मक दरें नहीं मिलने से प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी। अब परिषद विद्युत वृत्त ने इसी काम के लिए चौथी बार ई-निविदा जारी की है।
निविदा में काम की अनुमानित लागत 1693.19 लाख रुपये (16.93 करोड़) रखी गई है। ठेकेदार को काम पूरा करने के लिए 12 माह मिलेंगे। दिलचस्प यह है कि विभाग ने पिछली तीन निविदाओं के अनुभव को देखते हुए इस बार साफ तौर पर लिखा है कि पूर्व में आमंत्रित निविदाएं प्रतिस्पर्धात्मक दरें प्राप्त न होने के कारण निरस्त की जा चुकी हैं। ऐसे में चौथी बार जारी निविदा में विभाग की नजर सिर्फ ठेकेदार पर नहीं, बल्कि काम के लिए मिलने वाली दरों पर भी होगी।
निविदा की शुरुआत 29 अगस्त 2026 से हुई है और तकनीकी बिड 9 सितंबर को सुबह 11 बजे खोली जाएगी। धरोहर धनराशि 33.86 लाख रुपये निर्धारित है। सवाल यह है कि काशी के प्रमुख पर्यटन स्थलों को रोशन करने वाली 16.93 करोड़ की योजना चौथी कोशिश में जमीन पर उतर पाएगी या फिर दरों के फेर में एक और टेंडर फंस जाएगा?

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

