दिल्ली: 15 दिन पुरानी पिटाई का बदला लेने के लिए 17 साल के किशोर पर चाकू से हमला, 3 नाबालिग पकड़े गए

2.8kViews
1235 Shares

मयूर विहार इलाके के त्रिलोकपुरी में पिटाई का बदला लेने के लिए 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए गए हैं। एक अन्य नाबालिग की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे 30 ब्लॉक में चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर मयूर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घायल को एलबीएस में कराया भर्ती

घायल किशोर को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोर का एक नाबालिग से करीब 15 दिन पहले विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान किशोर और उसके साथियों ने नाबालिग की पिटाई की थी।

इसी रंजिश में नाबालिग ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर किशोर को रास्ते में रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से वार किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *