देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर माह के वेतन-पेंशन का भुगतान निर्धारित समय से पहले करने का निर्णय लिया है।

वित्त मंत्रालय के लेखा विभाग ने 23 सितंबर को जारी कार्यालय आदेश में केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, मजदूरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर को करने की अनुमति दी है। इसका असर कोयला उद्योग पर भी पड़ेगा।
कोल इंडिया प्रबंधन भी हरकत में आ गया है और अपनी सभी अनुषंगी कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि बैंक हड़ताल के कारण कर्मियों के वेतन भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो।
वित्त मंत्रालय के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के कारण बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए सितंबर का वेतन पहले ही जारी करने का निर्णय लिया गया है।
औद्योगिक कर्मचारियों के सितंबर माह के वेतन का भुगतान भी 25 सितंबर को अग्रिम रूप से किया जा सकता है। इसी तरह केंद्रीय पेंशनरों की सितंबर की पेंशन भी 25 सितंबर को बैंक अथवा संबंधित भुगतान कार्यालयों के माध्यम से जारी की जा सकती है।
कोयला कंपनियों में भुगतान व्यवस्था पर नजर
हड़ताल को देखते हुए कोल इंडिया ने अपनी सभी अनुषंगी कंपनियों को भुगतान व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारी करने को कहा है। बीसीसीएल, सीसीएल, ईसीएल समेत कोल इंडिया की अन्य कंपनियों में बड़ी संख्या में कर्मियों को वेतन भुगतान किया जाता है।
ऐसे में बैंकिंग सेवाएं बाधित होने से वेतन भुगतान प्रभावित नहीं हो, इसके लिए कंपनियों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन दिन बैंक हड़ताल का असर
28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित बैंक हड़ताल के कारण सामान्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने सितंबर का वेतन-पेंशन 25 सितंबर को ही जारी करने की व्यवस्था की है।
अक्टूबर के वेतन से होगा समायोजन
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि 25 सितंबर को जारी किया जाने वाला वेतन, मजदूरी और पेंशन अग्रिम भुगतान माना जाएगा। इसका आवश्यक समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन अथवा मजदूरी से किया जाएगा।
वित्त मंत्रालय ने यह भी कहा है कि सितंबर के अंतिम दिनों में किए जाने वाले अन्य भुगतान और बैंकिंग लेनदेन को भी जहां संभव हो, पहले ही निपटाया जा सकता है। की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

