अंबेडकरनगर में खुलेगा पहला कैंसर केयर सेंटर, मरीजों को मिलेंगी ओपीडी और कीमोथेरेपी की सुविधाएं
जिला चिकित्सालय में कैंसर केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी, इसका प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर दिया गया है। यह जिले का पहला केयर सेंटर होगा। इससे यहां जांच व ओपीडी के साथ कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, सस्ती दवाएं, मनोवैज्ञानिक समर्थन, इंजेक्शन आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे कीमोथेरेपी के लिए लखनऊ एवं वाराणसी जाने वाले मरीजों को आने वाले समय में राहत मिल सकती है।
जिले में लगभग 87 मरीज हैं, इसमें अधिकांश कीमोथेरेपी व अन्य उपचार के लिए लखनऊ व वाराणसी जाते हैं। इस बीमारी के प्रारंभिक लक्षण पता चल सकें, इसी उद्देश्य से आने वाले माह में जिला चिकित्सालय परिसर में कैंसर केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। इससे गैर संचारी रोगों की जांच में कैंसर संबंधित जांच भी होगी।
जन आरोग्य मेले में भी मिल रहे कैंसर रोगी
बीते एक वर्ष में जिले में विभिन्न बीमारियों की जांच में कैंसर जैसे लक्षण वाले करीब 386 रोगी चिह्नित हुए थे। बीते तीन माह में जन आरोग्य मेले में तीन संभावित रोगी चिह्नित किए गए। वर्तमान में जिला चिकित्सालय और सीएचसी में कैंसर की जांच व उपचार की सुविधा नहीं है।
कैंसर केयर सेंटर में मिलेगी ये सुविधाएं
केयर सेंटर में वही रोगी पहुंचेंगे, जिनको ओपीडी से चिकित्सक वहां रेफर करेंगे। प्रारंभिक लक्षण पर रोगी का सैंपल लेकर बायोप्सी जांच के लिए लखनऊ एवं वाराणसी भेजा जाएगा। कैंसर की पुष्टि होने पर चिकित्सक तय करेंगे कि मरीज को कीमोथेरेपी दी जानी है, रेडियोथेरेपी या उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करना है।
जिन मरीजों का उपचार कीमोथेरेपी और दवाओं से संभव होगा, उनका ही इलाज कैंसर केयर सेंटर में ही प्रारंभ किया जाएगा। इस पहल से सामान्य कैंसर के मरीजों को इलाज के लिए दौड़ नहीं लगाी पड़ेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

