निषादों को आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा भी खाएगी धोखा, UP के कैबिनेट मंत्री डाॅ. संजय निषाद ने दिखाए तल्ख तेवर

1545 Shares

अक्सर राजनीतिक मंचों और मीडिया के कैमरों के सामने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेने वाले सूबे के मत्स्य विभाग मंत्री व डॉ. संजय निषाद ने भाजपा को ही निशाने पर ले लिया, जिससे खुद उनकी निषाद पार्टी का समर्थन है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण मछुआरा समाज का हक है। सपा, बसपा और कांग्रेस ने निषादों के साथ धोखा किया। वोट तो लिया लेकिन हक नहीं दिया। भाजपा ने आरक्षण नहीं दिया तो वह भी धोखा खाएगी।

सम्मेलन में कई जिलों से आए लोग
डॉ. संजय निषाद रविवार को प्रयागराज के तेलियरगंज स्थित नार्दन रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलाजी के मैदान में आयोजित ‘संवैधानिक सुरक्षा अधिकार’ सम्मेलन में बोल रहे थे। निषाद पार्टी की ओर से आयोजित सम्मेलन में प्रयागराज के अलावा कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट और बांदा जिले के हजारों की संख्या में नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता सत्ताधारी दल व विरोधियों को एकता का अहसास कराने के लिए एकजुट हुए।

आरक्षण निषादों का हक बताया

उन्होंने कहा कि मछुआ समाज ने हाथी का बटन दबाया, पंजा दबाया, कमल दबाया फिर भी नौकरी नहीं मिली। आरक्षण निषादाें का हक है। वोट सभी ने लिया लेकिन यह अधिकार नहीं दिया। भाजपा के साथ हुए समझौते में यह शामिल था। भाजपा को पूरा वोट दिया और अब पूरा हिस्सा चाहिए। उन्होंने कहा कि निषादों की नहीं सुनेंगे तो बड़ा आंदोलन होगा। जरूरत पड़ी तो विधानसभा घेरी जाएगी। निषाद झुकने वाला नहीं है, बल्कि झुकाने वाला है।

बोले- पार्टी की मजबूती से राजनीतिक दलों में हलचल

बोले कि निषाद न मछली मांगने वाला है और न टिकट। यह तो मछली भी मार कर लेता है और टिकट भी मार कर लेगा।  कहा कि सपा, बसपा और भाजपा वाले दरवाजे पर आएं तो कहना ‘जय निषादराज’। निषाद पार्टी की मजबूती से राजनीतिक दलों में हलचल मची है। इसे कमजोर करने के लिए दलालों को खड़ा किया जा रहा है।

करछना विधायक के लिए मांगी सदबुद्धि

मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि करछना की सीट निषाद पार्टी ने जितवाई और पहली बार इस सीट से निषाद के बेटे को विधानसभा भेजा। करछना विधायक को सम्मेलन का न्योता दिया था लेकिन वह नहीं आए। मंत्री ने कहा कि भगवान इन्हें सदबुद्धि दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *