संसद का मानसून सत्र: कई सांसदों की बदली गई सीटें, जानें क्यों अचनाक बदलना पड़ा सिटिंग अरेंजमेंट?

1754 Shares

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने निचले सदन में तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सदस्यों को नई सीट का आवंटन किया है, ताकि वे अपनी पुरानी पार्टी के सांसदों से अलग बैठ सकें। इस प्रक्रिया में कुछ अन्य सांसदों के बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

तृणमूल के बागी सांसदों को अलग बैठाने का मतलब था कि दूसरे सांसदों को नई सीटों पर भेजा जाए। नए डिविजन नंबर की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि कुल 39 सांसदों को नई सीटों का आवंटन किया गया है।

अभिषेक बनर्जी की भी बदली गई सीट

अधिकारियों ने बताया कि ममता बनर्जी की अगुआई वाली तृणमूल के नेता अभिषेक बनर्जी की सीट भी बदल दी गई है। वाईएसआर कांग्रेस के पीवी मिथुन रेड्डी और शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल की सीटें भी इस प्रक्रिया में बदली गई हैं।

बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा के हर सदस्य का एक खास डिविजन नंबर होता है, जिसके आधार पर उन्हें दोनों सदनों में सीटें आवंटित की जाती हैं। इस नंबर का इस्तेमाल दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने और विधेयकों पर मतदान के समय भी किया जाता है। सदस्य अपने नए नंबरों का उपयोग सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र के दौरान करेंगे।

बिरला ने संसद सत्र को सुचारु रूप से चलाने की अपील की

संसद का मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी पार्टियों से अपील की कि वे कार्यवाही को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से चलाने में पूरा सहयोग दें, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हो सके।

कार्य मंत्रणा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बिरला ने रचनात्मक चर्चा, सार्थक भागीदारी और संसदीय परंपराओं का पूरी तरह पालन करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को लोकसभा में जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए भी आमंत्रित किया।

इसके अलावा बैठक में सरकार और विपक्षी दलों के सदस्यों ने सत्र के दौरान उठाए जाने वाले विधायी और अन्य कार्यों पर अपने विचार साझा किए। सदस्यों ने सत्र के दौरान चर्चा के लिए जनहित और राष्ट्रीय महत्व के कई मुद्दों का भी सुझाव दिया। बैठक में अन्य सांसदों के अलावा तृणमूल कांग्रेस की विद्रोही नेता काकोली घोष दस्तीदार भी उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *