शिमला में रहस्यमयी हालात में 6 दिन से पिता-पुत्री लापता, पत्नी को की लास्ट कॉल; लावारिस मिली गाड़ी का कैसे टूटा शीशा?

8.9kViews
1315 Shares

हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के सुन्नी ओगली से पिता और बेटी छह दिन से लापता हैं, इनका अभी तक पुलिस को कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस दोनों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाए हुए है। इसके अलावा दोनों के सीडीआर भी खंगाले जा रहे हैं। इसके बावजूद 6 दिनों से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।

12 सितंबर को शिकायतकर्ता सुनीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति कुलदीप और उनकी 18 वर्षीय बेटी स्नेहा 12 सितंबर की शाम पिकअप गाड़ी में कुमारसैन की ओर गए थे। स्वजन के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे कुलदीप ने फोन कर बताया था कि वह पंदोआ पहुंच गए हैं और 10 मिनट में घर पहुंचने वाले है। इसके बाद कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।
देर रात तक भी दोनों का कुछ अता-पता नहीं चल सका। पति और बेटी से संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। शुरुआत में परिजनों ने किसी वजह से फोन बंद होने की बात समझी। लेकिन जब काफी समय तक दोनों से संपर्क नहीं हो पाया तो उनकी तलाश शुरू की गई।

सड़क किनारे मिली पिकअप
स्वजन ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर दोनों को खोजने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी ओगली गांव के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। वाहन के इस तरह अकेले खड़े मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।

कंडक्टर साइड का शीशा टूटा मिला

तलाशी के दौरान मिली पिकअप गाड़ी की स्थिति ने मामले को और संदिग्ध बना दिया। बताया जा रहा है कि वाहन का कंडक्टर साइड का शीशा टूटा हुआ था। वाहन सड़क किनारे मिला, जबकि उसमें सवार पिता-पुत्री का कोई पता नहीं था। गाड़ी मिलने के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में भी दोनों की तलाश की। मगर उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

परिवार को अपहरण का शक

दोनों के अचानक लापता होने और वाहन के लावारिस हालत में मिलने के कारण परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। शिकायत में परिवार की ओर से अवैध हिरासत या अपहरण की आशंका भी व्यक्त की गई है। उनके परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा उनके माता-पिता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *