सहकारी समितियों के संचालन और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पैक्स सचिव वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश की जिला शाखा ने सहकारिता विभाग के सामने 10 सूत्रीय मांगपत्र रखकर तत्काल समाधान की मांग की है।
संगठन का कहना है कि समितियों के सामने वित्तीय संकट और कर्मचारियों की व्यावहारिक दिक्कतों के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर किसानों और समितियों दोनों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को दिए मांगपत्र में कहा गया है कि धान खरीद के लिए आवेदन या प्रस्ताव भेजने वाली सभी पात्र सहकारी संस्थाओं को क्रय केंद्र खोलने की अनुमति दी जाए।
वहीं पीसीएफ, पीसीयू और यूपीएसएस में बकाया धान व गेहूं खरीद कमीशन की धनराशि तत्काल समितियों के खातों में स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
सचिवों ने विभाग से कार्यरत कर्मचारियों, प्रभारी सचिवों और कैडर सचिवों को परिचय पत्र जारी करने तथा कैडर सचिवों की पीएफ धनराशि उनके नाम से व्यक्तिगत खाते खोलकर जमा कराने की मांग की है। खाता संख्या 419 के माध्यम से व्यवसाय करने वाली समितियों को छोड़कर अन्य समितियों पर 1,000 रुपये के प्रकीर्ण व्यय की सीमा हटाने की मांग भी की गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

