अमलोरी कॉलोनी में चोरों का आतंक! 5 दिन में 3 बाइक, सिलेंडर और ठेकेदार के कैंप में चोरी… नवानगर पुलिस नाकाम?

1248 Shares

चोरों के हौसले बुलंद, लगातार वारदातों से कॉलोनी में दहशत; स्मैक पाउडर की बिक्री की चर्चाओं ने बढ़ाई चिंता, थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र की अमलोरी कॉलोनी में बीते पांच दिनों के भीतर चोरी की लगातार सामने आई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलोनी में तीन मोटरसाइकिल, एक एलपीजी सिलेंडर तथा ठेकेदार रितेश सिंह के कैंप से नगदी सहित अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी होने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों और प्रभावित पक्षों में चिंता बढ़ती जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि चोरी की शिकायतों के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली बताए जा रहे हैं। चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने और आरोपियों तक नहीं पहुंच पाने के कारण नवानगर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी पुलिस की है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही हैं।

पांच दिनों में चोरी की कई वारदातें, आखिर कहां है पुलिस की निगरानी?

अमलोरी कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आना महज सामान्य आपराधिक गतिविधि का मामला नहीं माना जा रहा, बल्कि क्षेत्र में पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा रहा है। तीन मोटरसाइकिलों की चोरी, एलपीजी सिलेंडर गायब होना और ठेकेदार के कैंप से नगदी तथा कीमती सामान चोरी होना यह संकेत देता है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ रही? क्या क्षेत्र में नियमित गश्त की व्यवस्था पर्याप्त है? और शिकायतों के बाद भी चोरी के मामलों में ठोस कार्रवाई सामने क्यों नहीं आ रही?

स्मैक पाउडर की बिक्री की चर्चा, थाना प्रभारी के करीबी पर भी सवाल

चोरी की घटनाओं के बीच अमलोरी क्षेत्र में स्मैक पाउडर की बिक्री शुरू होने की चर्चाएं भी तेजी से फैल रही हैं। स्थानीय स्तर पर इस कथित गतिविधि को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। वहीं, थाना प्रभारी के एक करीबी व्यक्ति की कथित भूमिका और संरक्षण को लेकर भी चर्चाएं तेज बताई जा रही हैं।

अमलोरी कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं और नशे के कारोबार को लेकर उठ रही चर्चाओं ने नवानगर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर यह अपेक्षा की जा रही है कि पुलिस चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करे, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करे। अब देखना यह होगा कि नवानगर थाना पुलिस इन घटनाओं को कितनी गंभीरता से लेती है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अमलोरी कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाते हैं।फिलहाल अमलोरी कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।आखिर अपराधियों पर अंकुश कब लगेगा और क्षेत्रवासियों को सुरक्षा का भरोसा कब मिलेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *