जिले के मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। इसको लेकर तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। ॉ
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जिले की 17 नियोजन इकाइयों को पत्र जारी कर विभागीय समय-सारणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 163 रिक्त पदों पर नियुक्ति होनी है।
वहीं, नियोजन इकाई 28 सितंबर को रिक्तियों का प्रकाशन करेगी। इसके बाद योग्य अभ्यर्थी 28 सितंबर से 13 अक्टूबर तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद 16 अक्टूबर को औपबंधिक मेधा सूची प्रकाशित कर एनआइसी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
अभ्यर्थी 16 से 26 अक्टूबर तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों के निराकरण के बाद 31 अक्टूबर को अंतिम मेधा सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। इसके बाद जिला स्तर पर चार नवंबर को विशेष शिविर लगाकर मेधा क्रम के आधार पर अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की प्रारंभिक जांच की जाएगी और चयन सूची तैयार होगी, जबकि पांच नवंबर को कोटिवार रिक्ति के अनुसार चयन सूची एनआइसी पोर्टल पर जारी की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों के बीच 20 नवंबर को नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की नियुक्ति जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित आरक्षण रोस्टर के आधार पर नियोजन इकाईवार और कोटिवार रिक्तियों के अनुसार होगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आंदर, बड़हरिया, बसंतपुर, भगवानपुर, दरौली, दारौंदा, गोरेयाकोठी, गुठनी, हसनपुरा, हुसैनगंज, लकड़ी नबीगंज, महाराजगंज, पचरुखी, रघुनाथपुर, सिसवन, सिवान सदर एवं जीरादेई प्रखंड की संबंधित नियोजन इकाइयों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को संबंधित नियोजन इकाई के सचिव को पत्र का तामिला कराने और समय-सारणी के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

