बलिया में मिड डे मील घोटाले के बाद प्रधानाचार्य पर एफआइआर, अब विभागीय कार्रवाई की लटकी तलवार
इंटर कालेज ताजपुर मुड़ियारी के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पांडेय की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मिड-डे मील योजना में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में एफआइआर दर्ज होने के बाद अब उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने मामले की जांच रिपोर्ट डीआइओएस मनोज कुमार मिश्र को सौंप दी है।रिपोर्ट में कार्रवाई की संस्तुति की गई है। ऐसे में प्रधानाचार्य के खिलाफ निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। मामला विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना में करीब 14 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़ा है। बच्चों की ओर से जिलाधिकारी को भेजी गई गोपनीय चिट्ठी के बाद यह प्रकरण सामने आया था।शिकायत के बाद हुई जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर कार्रवाई आगे बढ़ी। प्रकरण में मनियर थाने में प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पांडेय और जिला समन्वयक अजीत पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। जिलाधिकारी की ओर से प्रधानाचार्य से संबंधित धनराशि की वसूली के निर्देश भी दिए गए हैं। बीएसए की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीआइओएस कार्यालय की ओर से विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
कालेज के प्रबंधक और समिति की रिपोर्ट अभी आनी शेष है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार मिश्र, डीआइओएस, बलिया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

