औरैया में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर में दूसरे डंपर ने मारी टक्कर, एक की मौत

4.4kViews
1242 Shares

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात खड़े डंपर में पीछे से दूसरे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दूसरे डंपर के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

दुर्घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 277.1 पर रात करीब एक बजे हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि चलते डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और हेल्पर उसमें फंस गए।

पुलिस के अनुसार, डंपर का चालक एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े डंपर में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम से मिलने पर अछल्दा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुदरकोट थाने की पुलिस और एक्सप्रेसवे के अधिकारी-कर्मचारी भी वहां पहुंच गए।

रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक और हेल्पर को बाहर निकाला। 35 वर्षीय चालक अनुज यादव निवासी नगला बाले, थाना ऐरवाकटरा, को मामूली चोटें आईं।

उसे एंबुलेंस से सीएचसी भरथना भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई। पुलिस ने उसके स्वजन को घटना की जानकारी दी। वहीं, 30 वर्षीय हेल्पर मोनू यादव निवासी नगला बाले, की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों क्षतिग्रस्त डंपरों को एक्सप्रेसवे कर्मचारियों की मदद से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *