सिंगरौली: दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में नकाबपोश बदमाशों का धावा, कर्मचारी को मारी गोली; जयंत में मचा हड़कंप

24.1kViews
1547 Shares

सिंगरौली। जिले के जयंत चौकी क्षेत्र स्थित मस्जिद मार्केट में गुरुवार की शाम करीबन 6 बजे दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में अज्ञात नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूटपाट की वारदात को अंजाम दिए जाने की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वारदात के दौरान बदमाशों ने दुकान में काम कर रहे राहुल विश्वकर्मा के हाथ में गोली मार दी। गोली लगने से राहुल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नकाबपोश बदमाश मस्जिद मार्केट स्थित कंचन ज्वेलर्स में लूटपाट की नीयत से पहुंचे थे। दुकान में घुसने के बाद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और इसी दौरान दुकान में काम कर रहे राहुल विश्वकर्मा को गोली मार दी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज केएम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी, जयंत चौकी प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह सहित जिले के अन्य थानों के थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ज्वेलरी शॉप में कितने राउंड फायरिंग हुई और बदमाश कितने आभूषण अथवा नकदी लेकर फरार हुए। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही लूट की वास्तविक रकम और फायरिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *