वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल हर भारतीय क्रिकेट फैन के जहन में आज भी ताजा है। 19 नवंबर, 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में अविजित रही (10 मैच) भारतीय टीम को 6 विकेट से मात दी थी। इस हार ने पल भर में करोड़ों दिल तोड़ दिए थे। भारतीय टीम खिताब से एक कदम दूर थी। ट्रेविस हेड की 137 रन की पारी ने भारत को 12 साल का सूखा खत्म नहीं होने दिया।
पीएम ने हिम्मत दी
पीएम मोदी ने कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का हाथ पकड़कर उन्हें हिम्मत दी। उन्होंने कहा कि आप लोग पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेले हैं, देश को आप पर गर्व है। टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट (24) चटकाने वाले मोहम्मद शमी बेहद भावुक थे। पीएम मोदी ने इस तेज गेंदबाज को गले लगाया और उनकी शानदार गेंदबाजी व जज्बे को सलाम किया।पीएम ने अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से भी बात की। जड्डू का मनोबल बढ़ाते हुए पीएम ने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है। टीम के तत्कालीन हेड कोच राहुल द्रविड़ से मिलकर पीएम ने उनके मार्गदर्शन और टीम के 10 मैचों के अजेय सफर की जमकर तारीफ की।
फाइनल मैच का हाल
विश्व कप के फाइनल मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 50 ओवर में 240 रन ही बना सकी थी। विराट कोहली (54) और केएल राहुल (66) ने फिफ्टी लगाई थी। वहीं कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले से 47 रन निकले थे। 241 रन के टारगेट को कंगारू टीम ने 43 ओवर में ही चेज कर लिया था। ट्रेविस हेड ने 120 गेंदों पर 137 रन की पारी खेली थी। वहीं मार्नस लाबुशेन ने नाबाद 58 रन बनाए थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

