मथुरा: युवाओं ने न खटखटाया नौकरी का द्वार, खड़ा किया अपना रोजगार; सीएम युवा उद्यमी योजना से आर्थिक सहारा
रोजगार की राह किसी दफ्तर के दरवाजे से ही नहीं निकलती। कभी वह कुम्हार के चाक पर घूमती मिट्टी में आकार लेती है। कभी औजारों की खनक में ढलती है। कभी कंप्यूटर की रोशनी में निखरती है। मथुरा के ढाई हजार से अधिक युवाओं ने इसी राह को पहचाना। नौकरी के इंतजार में बैठने के बजाय अपने हुनर को काम में बदला। उस काम को रोजगार में। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान से मिले आर्थिक सहारे ने उनके सपनों को आकार दिया।
तीन वर्ष में ढाई हजार युवाओं ने खड़ा किया स्वयं का रोजगार
वर्ष 2024 से 26 के बीच जिले में ढाई हजार युवाओं ने सीएम युवा उद्यमी विकास योजना में अपना रोजगार खड़ा किया है। यमुनापार में कुल्हड़ इकाई चला रहे सतीश कुमार स्नातक करने के बाद नौकरी के लिए इधर-उधर भटके। फिर खुद का कारोबार शुरू करने की सोची। शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए चाय, लस्सी के लिए कुल्हड़ की आवश्यकता समझ आई। इकाई शुरू कर दी। आज 20 से अधिक लोगों को रोजगार दे रहे हैं।
सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान से मिला सहयोग, हुआ तैयार
रवींद्र कुमार ने बताया कि 12वीं के बाद पढ़ाई छूटी और 40 प्रतिशत शरीर में विकलांगता के कारण ज्यादा भगदौड़ नहीं हो पा रही थी। बक्सा बनाने का कार्य देखा था इसलिए लोन लेकर बलदेव में सादाबाद रोड पर काम शुरू कर दिया। दो कारीगरों की मदद से काम चल रहा है। सहालग में खूब बेहतर काम हो जाता है। गोपाल पुरा में कमल साफ्ट टायस बनाने का कार्य करते हैं। बताया पहले से काम जानते थे, लेकिन योजना का लाभ मिला तो काम ने रफ्तार पकड़ ली। अब दूसरों को भी रोजगार देते हैं।मसानी के रहने वाले साेनू ने डेयरी व्यवसाय शुरू किया तो अपने साथ दो युवाओं को और रोजगार दे रहे हैं। सुनील ने लोन लेकर कंप्यूटर लगाए और जनसेवा केंद्र तैयार किया। वे अपने साथ पूरे परिवार का पोषण कर रहे हैं। ये कुछ उदाहरण हैं, ऐसे ही ढाई हजार से अधिक युवाओं का कार्य स्वरोजगार के सपने को साकार कर रहा है।
पांच लाख का ब्याज रहित मिला लोन
युवाओं को सीएम युवा उद्यमी विक्ष्कास अभियान के तहत पांच लांख रुपये का ब्याज रहित लोन जिला उद्योग केंद्र के माध्यम की संस्तुति पर बैंक द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। इस पर 10 प्रतिशत का अनुदान भी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

