दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाली करीब 50 वर्षीय महिला को विदेशी नंबर से वाट्सऐप कॉल कर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
विदेशी नंबर से आया धमकी भरा कॉल
महिला के पास 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे विदेशी नंबर से वाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को गोल्डी बराड़ बताया और महिला से कहा कि उसके बारे में उसे पूरी जानकारी है।
200 करोड़ रुपये की मांगी रंगदारी
आरोप है कि कॉल करने वाले ने महिला से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर महिला और उसके पति की हत्या करने की धमकी दी गई। महिला सिविल लाइंस इलाके में रहती हैं और वहां उनकी पैतृक संपत्ति भी है।
पुलिस ने तीन धाराओं में केस दर्ज
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने 10 सितंबर को मामला दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4), 308(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
गोल्डी बराड़ का नाम जांच में शामिल
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अभी यह स्थापित नहीं हुआ है कि धमकी वास्तव में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दी थी या किसी व्यक्ति ने निजी अथवा संपत्ति संबंधी विवाद में उसके नाम का इस्तेमाल किया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

