सन्याल में नागदेवता के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, दूध और रोट चढ़ाकर मांगी मन्नतें

5.3kViews
1331 Shares

उपमंडल के कंडी क्षेत्र के सन्याल स्थित बाबा सुरगल एवं नागदेवता के देवस्थान पर नागपंचमी मेले का शुभारंभ हो गया है। हालांकि, नागपंचमी का पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा, लेकिन यहां पारंपरिक रूप से मेला करीब एक सप्ताह पहले ही शुरू हो जाता है।

रविवार को क्षेत्र के दूरदराज गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु देवस्थान पर पहुंचे और नागदेवता के दर्शन कर दूध, रोट आदि चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखा। सुबह से ही देवस्थान पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं के लिए मन्नतें मांगीं।

सन्याल स्थित नागदेवता का यह देवस्थान क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष नागपंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। देवस्थान कमेटी की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लंगर, आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

देवस्थान कमेटी के सदस्य एवं पूर्व सरपंच सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि सन्याल में बाबा सुरगल एवं नागदेवता के स्थान पर हर वर्ष नागपंचमी के अवसर पर मेले का आयोजन किया जाता है।

परंपरा के अनुसार नागपंचमी से करीब एक सप्ताह पहले ही श्रद्धालुओं का देवस्थान पर पहुंचना शुरू हो जाता है। रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

कमेटी की ओर से उनके लिए लंगर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। नागपंचमी मंगलवार को मनाई जाएगी और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागदेवता के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है और हर वर्ष दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *