मीरजापुर में ट्रक ने छात्र और अधेड़ को कुचला, दोनों की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
लालगंज क्षेत्र के बामी गांव में वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर ट्रक ने 12 वर्षीय छात्र और 55 वर्षीय व्यक्ति को कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से थोड़ी दूर ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ निवासी बामी के रूप में हुई है।
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने शोर मचाया तो ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे कर्बला के सामने ट्रक खड़ा कर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। इस हादसे में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर हाइवे पर इकट्ठा भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव कब्जे में लेना चाहें, तभी गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे लालगंज एसडीएम अजीत कुमार और सीओ अमर बहादुर, तहसीलदार विशाल शर्मा व इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पाण्डेय ने ग्रामीणों को समझाया। करीब एक घंटे बाद जाम खत्म हुआ और राष्ट्रीय मार्ग पर आवागमन फिर से चालू हो पाया।स्वजनों ने बताया कि प्रियांशु अपने पिता बालमुकुंद का इकलौता बेटा था उसकी दो बहने हैं। वह अपने रिश्ते में लगने वाले बाबा शिवनाथ के साथ साइकिल से शौच के लिए घर से निकला था।
शौच के बाद वापस लौटते समय हाइवे पर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।शिवनाथ को दो पुत्रियां 20 वर्षीया रेखा और 18 वर्षीया करिश्मा है स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है।प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि ट्रक से कुचलने के कारण एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि एक लाइन पर शव होने के कारण कुछ देर तक जाम की स्थिति बन गई थी। ग्रामीणों द्वारा जाम लगाने से इंकार किया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

