पुरानी गाड़ियों की स्क्रैपिंग में गाजियाबाद नंबर-1, नोएडा का दूसरा स्थान; 4 जिलों में 2037 गाड़ियां स्क्रैप

1131 Shares

आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों को सड़क से हटाने की मुहिम के बीच नोएडा वाहन स्क्रैपिंग के मामले में गाजियाबाद से पीछे है।

एनसीआर से सटे जिलों में अब तक 2037 आयु पूरी कर चुके वाहन स्क्रैप कराए गए हैं। इनमें गाजियाबाद में सबसे ज्यादा 704 और गौतमबुद्ध नगर में 618 वाहन स्क्रैप हुए हैं।

चार जिलों में 2037 वाहन स्क्रैप

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद में 704 वाहनों को स्क्रैप किया गया है। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर में 618 वाहन स्क्रैप हुए हैं। हापुड़ में 429 और बुलंदशहर में 286 वाहनों को स्क्रैप किया गया है।

इस तरह चार जिलों में कुल 2037 आयु पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराया जा चुका है। वाहन स्क्रैपिंग के मामले में गौतमबुद्ध नगर दूसरे स्थान पर है।
जिला स्क्रैप हुए वाहन
गाजियाबाद 704
गौतमबुद्ध नगर 618
हापुड़ 429
बुलंदशहर 286
कुल 2037

पुराने वाहनों की जांच हुई तेज

परिवहन आयुक्त के पांच सितंबर को जारी निर्देशों के बाद एनसीआर में 10 साल से पुराने डीजल और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों की सघन जांच शुरू की गई है। प्रवर्तन टीमें प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर वाहनों की जांच कर रही हैं।

जांच के दौरान वाहन का पंजीकरण, प्रथम पंजीकरण की तारीख, ईंधन का प्रकार और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।

सत्यापन के बाद हो रही कार्रवाई

आरटीओ प्रवर्तन गाजियाबाद संभाग के डाॅ. सियाराम वर्मा ने बताया कि संदिग्ध वाहनों का विवरण वाहन पोर्टल और उपलब्ध अभिलेखों से सत्यापित किया जा रहा है। सत्यापन के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग ने स्क्रैप सेंटर संचालकों के साथ बैठक भी की है। इसमें वाहनों की प्राप्ति, उन्हें सुरक्षित रखने और तय प्रक्रिया के तहत स्क्रैपिंग को लेकर योजना बनाई जा रही है।

पकड़े जाने पर स्क्रैप सेंटर भेजेंगे

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन बिल्कुल न करें। ऐसे वाहन जांच के दौरान पकड़े जाने पर उन्हें स्क्रैप सेंटर भेजा जाएगा। विभाग की ओर से पुराने वाहनों की जांच और स्क्रैपिंग की कार्रवाई को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *