US Open 2026: फ्रांसेस टियाफो को हरा पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे शेल्टन, सामने होंगे भूखे ज्वेरेव

1591 Shares

साल के चौथे ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के मेंस सिंगल्स के फाइनलिस्ट तय हो गए हैं। जर्मनी के स्टार खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव का सामना रविवार को होने वाले फाइनल में अमेरिका के बेन शेल्टन से होगा जो पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं। ज्वेरेव ने कारेन खाचानोव को मात दे फाइनल में जगह बनाई तो वहीं शेल्टन ने हमवतन फ्रांसेस टियाफो को कड़े मुकाबले में हरा खिताबी मुकाबले का रास्ता तय किया।

ज्वेरेव ने खाचानोव को 6-3, 7-6(7), 7-6(6) से पटखनी देते हुए छह साल बाद यूएस ओपन के फाइनल में जगह बनाई है। वह इससे पहले साल 2020 में यहां फाइनल खेले थे और तब डोमिनिक थीम से हार गए थे। इस बार ज्वेरेव कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे और जीत के लिए भूखे होंगे। वहीं 23 साल के शेल्टन भी इतिहास रचने की कोशिश करेंगे। शेल्टन ने टियाफो को कड़े मुकाबले में 4-6, 6-3, 6-3, 7-5 से मात दी। पहला सेट हारने के बाद उन्होंने बाकी तीनों सेट अपने नाम किए।

लगातार तीसरा फाइनल

इस साल देखा जाए तो ये ज्वेरेव का लगातार तीसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल होगा। वह इसी साल फ्रेंच ओपन और विंबलडन के फाइनल में पहुंचे थे जिसमें फ्रेंच ओपन में जीत हासिल की थी। उनके नाम यही इकलौता ग्रैंड स्लैम खिताब है। पिछले साल वह ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में भी पहुंचे थे, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके थे। कुल मिलाकर ये ज्वेरेव का पांचवां फाइनल होगा। इस साल वह शानदार फॉर्म में है और उनके सामने ज्यादा मजबूत प्रतिद्वंद्वी नहीं है। ऐसे में जर्मनी के इस खिलाड़ी के पास अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम जीतने का मौका है। हालांकि, वह शेल्टन को हल्के में नहीं ले सकते।

शेल्टन ने किया दादी और 9/11 का जिक्र

शेल्टन ने इस जीत को अपनी दादी और 9/11 के पीड़ित परिवारों को समर्पित किया है। मैच अपने नाम करने के बाद उन्होंने कहा, “ये काफी भावुक पल है। आज मैं यहां हूं उसके लिए मेरे माता-पिता ने काफी बलिदान दिया है। इस साल की शुरुआत में मेरे पिता ने अपनी मां खो दी थीं। उनके कारण ही वह टेनिस खेल पाए थे। उनके बिना आज यहां पर कोई बेन शेल्टन खड़ा नहीं होता। ये उनके लिए है।”

शेल्टन के पास 23 साल के सूखे को खत्म करने का मौका है क्योंकि 2003 के बाद से कोई भी अमेरिकी मेंस सिंगल्स में यूएस ओपन का खिताब नहीं जीत सका है। 2003 में एंडी रोडिक ने ये ट्रॉफी उठाई थी। शेल्टन के बाद ये सूखा खत्म करने का मौका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *