शिअद का चुनावी स्टंट, सुखबीर बादल का बड़ा एलान-पंजाब में सरकार बनी तो नया गांव करेंगे न्यू चंडीगढ़ में शामिल

3.4kViews
1227 Shares

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने वीरवार को मोहाली के खरड़ में पंजाब बचाओ रैली की। इसमें शिअद प्रधान व पूर्व उपमुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज शामिल हुए। सुखबीर बादल ने प्रदेश की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा और बड़ा एलान किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार बनने पर नयागांव को न्यू चंडीगढ़ में शामिल किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार ने पहले भी पंजाब के विकास के लिए कई बड़े काम किए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।अकाली दल प्रधान ने गरीबों और मजदूरों की जमीन के मालिकाना हक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर गांवों में लंबे समय से जमीन (लाल डोरे वाली ) पर रह रहे गरीब परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। जिन परिवारों ने छोटी जमीन पर घर बनाए हुए हैं, उनकी रजिस्ट्री करवाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

उन्होंने अकाली दल-भाजपा गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों का गठबंधन पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक रहा, लेकिन बाद में यह टूट गया। सुखबीर बादल ने पंजाब के अधिकारों और संस्थानों से जुड़े मुद्दों पर भी दिल्ली के हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल पंजाब के हितों, किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज बनकर संघर्ष करता रहेगा।

वहीं, डेराबस्सी के पूर्व विधायक एनके शर्मा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पंजाब को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। सरकार का ध्यान विकास से ज्यादा प्रचार और विज्ञापनों पर है।

एनके शर्मा ने कहा कि अकाली सरकार के समय पंजाब में बड़े एयरपोर्ट, चौड़ी सड़कें, बिजली उत्पादन परियोजनाएं और 200 फुट सड़कें बनाने के साथ आइटी सिटी, मेडिसिटी व एजुकेशन सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए।

स्टेडियमों और ऐतिहासिक स्मारकों का निर्माण व विकास भी कराया गया। उन्होंने कहा कि अकाली सरकार ने पंजाब के भविष्य को ध्यान में रखकर विकास का आधार तैयार किया था।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। शर्मा ने कहा कि आज सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के आरोप लग रहे हैं और पंजाब की शिक्षा व्यवस्था पिछड़ रही है।

रैली में यूथ अकाली दल के प्रधान सरबजीत सिंह झींजर ने युवाओं से पार्टी संगठन को मजबूत करने और पंजाब के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने रविंदर सिंह खेड़ा को बधाई देते हुए खरड़ की पहचान और क्षेत्र के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *