14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद होना तय, CID जांच में बड़ी गड़बड़ी उजागर

1338 Shares

झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद होना लगभग तय है। इतना ही नहीं, यह परीक्षा फिर से आयोजित हो सकती है। इसका कारण यह है कि अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की अबतक जांच में परीक्षा परिणाम में कई गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं।

इस गड़बड़ी में परीक्षा से संंबद्ध एजेंसी टीडीपीएल के कर्मियों खासकर मार्केटिंग आफिसर अभय तिवारी उर्फ मनोज तिवारी की संलिप्तता भी पुष्ट हो चुकी है। इतना ही नहीं, इस प्रारंभिक परीक्षा में सफल एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ भी सीआईडी की पूछताछ में स्वीकार किया कि वह इस परीक्षा में अनुचित ढंग से सफल हुआ है।

वह इस परीक्षा की ओएमआर शीट की कार्बन कापी भी सीआइडी को उपलब्ध नहीं करा सका। परीक्षा में ओएमआर शीट की एक कार्बन कापी अभ्यर्थी को दी जाती है।

कथित रूप से सुमन सौरभ की कार्बन कापी वायरल हुई थी, जिसे देखने से यह पता चल रहा था कि सामान्य अध्ययन के 200 प्रश्नों में उसने महज 48 प्रश्नों को हल किया था, जिसमें लगभग सभी प्रश्नों का उत्तर सही था।

मात्र इतने प्रश्नों का हल कर वह यह परीक्षा उत्तीर्ण हो गया था। आरोप है कि ऐसे कई ओएमआर शीट में गड़बड़ियां की गई थीं। अब सीआइडी ने इस परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों से ओएमआर शीट की कार्बन कापी देने को कहा है ताकि उनकी जांच की जा सके।

अभी तक की जांच के इन बिंदुओं से यह माना जा रहा है कि इस परीक्षा का परिणाम रद होना तय है। हालांकि इसपर निर्णय आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति होने के बाद ही लिया जा सकेगा। बताते चलें कि इस प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम दो जुलाई को घोषित हुआ था।

इसमें कुल 2,204 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं। आयोग ने इसकी मुख्य परीक्षा की भी घोषणा कर दी थी, जो 25 से 27 जुलाई तक होनेवाली थी। हालांकि सीआइडी जांच शुरू होने तथा अध्यक्ष एल खियांग्ते के इस्तीफा के कारण आयोग ने इस परीक्षा सहित कुल सात परीक्षाएं स्थगित कर दी।

विभिन्न सेवाओं में कुल 103 पदों के लिए 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के तहत सामान्य अध्ययन के दो पत्रों की परीक्षा हुई थी। प्रत्येक पत्र के लिए 200 पूर्णांक निर्धारित थे।

14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा : कब क्या हुआ

  • 29 जनवरी 2026 : परीक्षा के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया।
  • 19 अप्रैल 2026 : राज्य के 564 केंद्रों पर प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई।
  • 21 अप्रैल 2026 : माॅडल उत्तर जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गईं।
  • 02 जुलाई 2026 : प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी हुआ।
  • 22 जुलाई 2026 : 25 से 27 जुलाई को आयोजित होनेवाली मुख्य परीक्षा स्थगित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *