पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल के निधन पर राजकीय अवकाश, सरकारी ऑफिस और स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी
पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल का गुरुवार को जालंधर में मौजूद उनके घर पर निधन हो गया। उनके बेटे और राज्य कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने यह जानकारी दी। वह 93 साल के थे।
बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि चुन्नी लाल भगत जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार शाम 5 बजे जालंधर में किया जाएगा। पंजाब सरकार ने उनके निधन के कारण आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। इस बाबत सरकार ने पत्र जारी किया है।पत्र के अनुसार, पंजाब के पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत का देहांत हो गया है। उनके सम्मान में और शोक व्यक्त करने के लिए पंजाब सरकार ने 10 सितंबर 2026 (गुरुवार) को दिन के बाकी बचे समय के लिए पंजाब सरकार के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, कॉर्पोरेशन और शिक्षण संस्थानों (स्कूलों/कॉलेजों) में अवकाश (छुट्टी) घोषित किया है।
अकाली दल सरकार में मंत्री रहे चुन्नीलाल
बता दें कि चुन्नी लाल साल 2012 में प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली शिरोमणि अकाली दल-बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। उनके पास स्थानीय सरकार और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

