गोरखपुर में प्रदर्शनी के बाद कर्मचारियों में खूनी संघर्ष: नशे में जमकर चले लात-घूंसे, युवक की मौत; एक गिरफ्तार
थाना खजनी क्षेत्र के कोटही माता मंदिर के पास शनिवार देर रात प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नशे की हालत में कर्मचारियों ने आपस में जमकर मारपीट की। इस दौरान जिला मैनपुरी निवासी 28 वर्ष विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी शिवम कौशल को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मृतक की मौत के कारणों और मारपीट की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खजनी में मामले की अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के बीच होने वाले विवाद को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

